एक्सक्लूसिव: झांसी में आसमान ने फिर खोले बांध, लगातार मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल 24 घंटे में 62.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज, मौसम विभाग का भारी बारिश का अलर्ट; झांसी में इस वक्त भी नहीं थम रही बारिश
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। झांसी में गुरुवार को मानसून ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया। सुबह से शुरू हुई बारिश दोपहर बाद तक लगातार जारी रही। आसमान में छाए घने बादलों के बीच लगातार हो रही बारिश से शहर का जनजीवन प्रभावित होने लगा है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है, वहीं सड़कों पर आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
भारतीय मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 27 अगस्त की सुबह 8:30 बजे तक झांसी में पिछले 24 घंटे में 62.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद भी बारिश का सिलसिला थमा नहीं है। दोपहर बाद झांसी में लगातार बारिश जारी रहने से आने वाले घंटों में बारिश का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी से बढ़ी चिंता
मौसम विभाग ने झांसी और आसपास के क्षेत्रों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आई है। अधिकतम तापमान करीब 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
निचले इलाकों पर सबसे ज्यादा खतरा
लगातार बारिश को देखते हुए शहर के निचले इलाकों और जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता की जरूरत है। यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा तो सड़कों, गलियों और निचले क्षेत्रों में पानी भरने की स्थिति गंभीर हो सकती है।
एक्सक्लूसिव अपडेट: झांसी में बारिश अभी भी लगातार जारी है। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए अगले कुछ घंटों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।










