झांसी में एच1एन1 की दस्तक नहीं, फिर भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट सीएमओ ने जारी की एडवाइजरी, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक विशेष सतर्कता के निर्देश; लक्षण दिखें तो तत्काल चिकित्सक से लें सलाह भीड़भाड़ से बचें, हाथों की सफाई रखें और खांसते-छींकते समय मुंह ढकें

झांसी। इन्फ्लूएंजा-ए एच1एन1 को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। हालांकि झांसी जिले में फिलहाल एच1एन1 का एक भी मामला नहीं है, लेकिन बीमारी के संभावित प्रसार को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने एडवाइजरी जारी कर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने लोगों से अपील की है कि बीमारी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि सावधानी और बचाव के उपाय अपनाकर संक्रमण से बचा जा सकता है।

डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि इन्फ्लूएंजा-ए एच1एन1 संक्रामक बीमारी है। संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने अथवा बातचीत के दौरान निकलने वाली श्वसन बूंदों के माध्यम से इसका संक्रमण फैल सकता है। संक्रमित वस्तुओं को छूने और हाथों की उचित सफाई न करने से भी संक्रमण का खतरा रहता है।

बुखार, खांसी और गले में खराश को नजरअंदाज न करें

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एच1एन1 संक्रमण के प्रमुख लक्षणों में बुखार, नाक बहना, गले में खराश, खांसी, सिरदर्द, शरीर में दर्द, ठंड लगना और आंखों में लालिमा शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी गई है।

बच्चे, गर्भवती और बुजुर्ग सबसे अधिक सतर्क रहें

सीएमओ ने बताया कि दमा अथवा निमोनिया से पीड़ित बच्चों, गर्भवती महिलाओं, 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों तथा फेफड़े, हृदय, यकृत और गुर्दे की बीमारी से पीड़ित मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मधुमेह, रक्त संबंधी विकार, तंत्रिका संबंधी बीमारी, कैंसर और एचआईवी से पीड़ित मरीज भी उच्च जोखिम वाले समूह में आते हैं।

स्वास्थ्य विभाग की अपील—सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव

विभाग ने लोगों से खांसते और छींकते समय मुंह को रूमाल अथवा कपड़े से ढकने, नियमित रूप से हाथ धोने और भोजन से पहले साबुन से हाथ साफ करने की अपील की है। हाथ मिलाने और सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक संपर्क से बचने की सलाह भी दी गई है। संक्रमण की स्थिति में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से परहेज करने को कहा गया है।

सीएमओ ने अधीनस्थ चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि ‘क्या करें-क्या न करें’ के माध्यम से आमजन को बीमारी के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में झांसी में एच1एन1 का कोई मरीज नहीं है, इसलिए जनता के बीच अनावश्यक भय का वातावरण न बनने दिया जाए।

रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *