सतर्क रेलकर्मियों की सजगता को सलाम, मंडल रेल प्रबंधक ने बरसाया सम्मान ड्यूटी में दिखाई असाधारण सतर्कता, सुरक्षित रेल संचालन में निभाई अहम भूमिका अनियमितताओं पर समय रहते कार्रवाई करने वाले 13 रेलकर्मी संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित अनिरुद्ध कुमार ने बढ़ाया हौसला, बोले—सुरक्षा में लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं

  1. रिपोर्ट नवीन यादव

झाँसी, 31 अगस्त 2026। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेल परिचालन के दौरान सतर्कता, सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा से उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 रेल कर्मचारियों को सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक झाँसी अनिरुद्ध कुमार ने संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सम्मानित कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सुरक्षा प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इन कर्मचारियों ने रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने, ड्यूटी के दौरान असाधारण सतर्कता बरतने तथा गाड़ी संचालन के दौरान सामने आई अनियमितताओं पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि रेल संचालन में सुरक्षा सर्वोपरि है। कर्मचारियों की सतर्कता एवं सजगता ही सुरक्षित रेल परिचालन की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से पूरी निष्ठा, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

सम्मानित कर्मचारियों में राम प्रकाश यादव, उप स्टेशन प्रबंधक/बाँदा; अतुल तिवारी, उप स्टेशन प्रबंधक/परौना; हस्ती राम मीना, उप स्टेशन प्रबंधक/दतिया; रामबाबू, वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर/बाँदा; शिव चरण, वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर/ग्वालियर; प्रदीप कुमार तिवारी, वरिष्ठ गुड्स ट्रेन मैनेजर/बाँदा; रौशन कुमार, पॉइंट्समैन (ए)/बसई; मिथिलेश कुमार सिंह, पॉइंट्समैन (ए)/चित्रकूट धाम कर्वी; गौरव झा, पॉइंट्समैन (ए)/खजराहा; गौरव सिंह, पॉइंट्समैन (ए)/शिवरामपुर; नसीम मुहम्मद, पॉइंट्समैन (ए)/कालपी; अमित कुमार, पॉइंट्समैन (ए)/कोटरा तथा शैलेन्द्र मीना, पॉइंट्समैन (बी)/संदलपुर शामिल रहे।

मंडल रेल प्रशासन द्वारा ऐसे कर्मचारियों के सतर्क एवं अनुकरणीय कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसका उद्देश्य सुरक्षित, सुचारु एवं निर्बाध रेल परिचालन के प्रति कर्मचारियों में सजगता और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *