रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन नारकोस के तहत आरपीएफ क्राइम विंग (डीएंडआई) झांसी और जीआरपी झांसी की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से दो कैरी बैगों में 14.338 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 16 हजार 900 रुपये है।
शनिवार शाम चेकिंग और गश्त के दौरान टीम दिल्ली छोर की तरफ ग्रुप डी रेस्ट हाउस के पीछे रेलवे खंभा नंबर आरडी/97 के पास मौजूद थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। टीम ने दोनों को रोककर तलाशी ली तो उनके पास मौजूद दो कैरी बैगों से गांजा बरामद हुआ। दोनों को शाम करीब 6:55 बजे गिरफ्तार किया गया।
उड़ीसा से गाजियाबाद पहुंचानी थी खेप
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा उड़ीसा से गाजियाबाद लेकर जा रहे थे। वहां किसी व्यक्ति को गांजे की खेप सौंपनी थी, हालांकि उस व्यक्ति के बारे में वे कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।
आरोपियों ने बताया कि ट्रेनों में चेकिंग अधिक होने के कारण ट्रेन बदलने के लिए वे झांसी स्टेशन पर उतर गए थे और नगरा की ओर सीपरी बाजार की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान चेकिंग कर रही संयुक्त टीम की नजर उन पर पड़ गई और दोनों पकड़े गए।
दोनों आरोपी उड़ीसा के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिराता बडारायता (23) पुत्र पीतर बडारायता, निवासी गुरीगुडा, पोस्ट अंताराबा मुहाना, थाना अड़वा, जिला गजपति, उड़ीसा तथा स्टीफन बडारायता (23) पुत्र इस्माइल बडारायता, निवासी बिरिकोटा, पोस्ट बिरिकोटा, थाना अड़वा, जिला गजपति, उड़ीसा के रूप में हुई है।
7.16 लाख रुपये की गांजा खेप जब्त
टीम ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 14.338 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 7,16,900 रुपये बताई गई है। बरामदगी के बाद गांजे को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ जीआरपी थाना झांसी में मुकदमा अपराध संख्या 294/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया है।
क्राइम विंग और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली क्राइम विंग (डीएंडआई), झांसी की टीम में निरीक्षक ओम प्रकाश, सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार, प्रधान आरक्षी उमेश कुमार, प्रधान आरक्षी तौसीफ खान, आरक्षी सुरेंद्र सिंह बिष्ट और आरक्षी गुरमीत सिंह शामिल रहे।
जीआरपी झांसी की टीम में निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अजय कुमार एवं हमराह स्टाफ शामिल रहा।










