युवा कांग्रेस में शाहरुख मंसूरी की एंट्री, प्रदेश सचिव की कमान दीपक शिवहरे की संस्तुति पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सौंपी जिम्मेदारी, नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह
झांसी। झांसी शहर कांग्रेस कमेटी के सचिव शाहरुख मंसूरी को उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष (मध्य) दीपक शिवहरे की संस्तुति पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंसूरी को प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी मिलने के बाद झांसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शाहरुख मंसूरी का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी। नियुक्ति को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।
शाहरुख मंसूरी लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं और झांसी शहर कांग्रेस कमेटी में सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके सामने युवा कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने और युवाओं को संगठन से जोड़ने की चुनौती होगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मंसूरी को प्रदेश संगठन में जिम्मेदारी मिलना झांसी के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को युवाओं तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
नवनियुक्त प्रदेश सचिव शाहरुख मंसूरी ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने की बात कही।










