झांसी में जिला जेल की सुरक्षा परखी जिला जज, डीएम और एसएसपी ने संयुक्त निरीक्षण कर बैरक, सीसीटीवी और सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा

झांसी। जिला कारागार झांसी में शनिवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती कमलेश कच्छल, जिलाधिकारी गौरांग राठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर जेल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक इंतजामों की गहन पड़ताल की। तीनों आला अधिकारियों के एक साथ निरीक्षण से कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की सक्रियता सामने आई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की बैरकों, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, प्रहरी व्यवस्था सहित सुरक्षा से जुड़े विभिन्न इंतजामों को बारीकी से परखा। अधिकारियों ने कारागार परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।

इसके अलावा जेल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने कारागार प्रशासन से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्धारित मानकों के अनुपालन पर जोर दिया।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिलाधिकारी और एसएसपी ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कारागार जैसी संवेदनशील जगह पर सतर्कता और निगरानी लगातार बनाए रखना जरूरी है।

जेल प्रशासन को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, सुरक्षा इंतजामों पर लगातार नजर रखने और आवश्यक सुधारों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सहित कारागार प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *