झांसी में सजेगा आरपीएफ के जांबाज श्वानों का मैदान उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में 19वीं अखिल भारतीय आरपीएफ श्वान प्रतियोगिता होने की तैयारी, देशभर से पहुंचेंगी टीमें विस्फोटक, नारकोटिक्स और ट्रैकिंग में होगी कड़ी परीक्षा प्रशिक्षित श्वान दिखाएंगे सूंघने, सुराग तलाशने और लक्ष्य तक पहुंचने का हुनर आईजी प्रदीप कुमार गुप्ता कर सकते हैं प्रतियोगिता का उद्घाटन

 

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। रेलवे सुरक्षा बल की 19वीं अखिल भारतीय आरपीएफ श्वान प्रतियोगिता वर्ष 2026 में झांसी में आयोजित होने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में कराया जाएगा। हालांकि आयोजन की तिथि और स्थान को लेकर आरपीएफ की ओर से आधिकारिक घोषणा किया जाना अभी बाकी है।

प्रतियोगिता में रेलवे के विभिन्न जोनों से प्रशिक्षित श्वान और उनके संचालक दल शामिल होंगे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में श्वानों की खोज क्षमता, प्रशिक्षण, अनुशासन और संचालकों के साथ तालमेल को अलग-अलग स्पर्धाओं के माध्यम से परखा जाएगा।

तीन श्रेणियों में होगी श्वानों की परीक्षा

आरपीएफ श्वान प्रतियोगिता में मुख्य रूप से विस्फोटक खोज, नारकोटिक्स खोज और ट्रैकिंग श्रेणियां शामिल रहती हैं। विस्फोटक खोज में श्वानों को संदिग्ध स्थानों और वस्तुओं से विस्फोटक का पता लगाने की चुनौती दी जाती है। नारकोटिक्स श्रेणी में मादक पदार्थों की पहचान और ट्रैकिंग में सुराग का पीछा करते हुए लक्ष्य तक पहुंचने की क्षमता का परीक्षण होता है।

2025 में प्रयागराज में हुआ था आयोजन

इससे पहले 18वीं अखिल भारतीय आरपीएफ श्वान प्रतियोगिता सितंबर 2025 में प्रयागराज के सूबेदारगंज स्थित आरपीएफ क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित हुई थी। इसमें 16 जोनल रेलवे की टीमों के 66 प्रशिक्षित श्वानों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में विस्फोटक, ट्रैकिंग और नारकोटिक्स तीन श्रेणियों में मुकाबले हुए थे।

प्रतियोगिता के दौरान प्रशिक्षित श्वानों ने अपनी खोज क्षमता और अनुशासन का प्रदर्शन किया था। समापन पर विभिन्न श्रेणियों के विजेता श्वानों को सम्मानित किया गया था।

झांसी में आयोजन से बढ़ेगी हलचल

झांसी मंडल में राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन से आरपीएफ के साथ-साथ रेलवे के अन्य विभागों में भी तैयारियां बढ़ने की संभावना है। देशभर से आने वाली टीमों के ठहरने, प्रशिक्षण मैदान, प्रतियोगिता स्थलों और सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाएं महत्वपूर्ण रहेंगी।

सूत्रों के अनुसार महानिरीक्षक-सह-मुख्य सुरक्षा आयुक्त प्रदीप कुमार गुप्ता प्रतियोगिता के उद्घाटनकर्ता हो सकते हैं। हालांकि उनके उद्घाटन को लेकर भी अंतिम आधिकारिक कार्यक्रम जारी होना बाकी है।

  1. रेलवे सुरक्षा में आरपीएफ के प्रशिक्षित श्वान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्टेशन, ट्रेन और अन्य संवेदनशील रेल परिसरों में संदिग्ध वस्तुओं, विस्फोटक और मादक पदार्थों की पहचान में इनकी सेवाएं ली जाती हैं। ऐसे में झांसी में प्रस्तावित अखिल भारतीय प्रतियोगिता में देशभर के प्रशिक्षित श्वानों की दक्षता का राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *