रेल यात्रियों की सुरक्षा… अब नई फोर्स की ‘पाठशाला’! जीआरपी लाइन झांसी में तीन दिवसीय कैप्सूल कोर्स शुरू, एसपी रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव ने किया शुभारंभ कार्यप्रणाली से लेकर यात्रियों से व्यवहार तक की मिलेगी ट्रेनिंग

रिपोर्ट: नवीन यादव

 

झांसी। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए जीआरपी के नव नियुक्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सोमवार को जीआरपी लाइन झांसी में आयोजित कैप्सूल कोर्स का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने किया।

रेलवे की ‘लाइफ लाइन’ पर जिम्मेदारी समझेंगे नवागत पुलिसकर्मी

प्रशिक्षण के दौरान एसपी रेलवे ने कहा कि रेलवे परिवहन की जीवनरेखा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रेल के माध्यम से यात्रा करते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना राजकीय रेलवे पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसी जिम्मेदारी को बेहतर ढंग से निभाने के लिए नव नियुक्त पुलिसकर्मियों को जीआरपी की कार्यप्रणाली से परिचित कराया जा रहा है।

दक्षता के साथ अनुशासन और संवेदनशीलता पर भी जोर

कैप्सूल कोर्स में पुलिसकर्मियों को जीआरपी की कार्यशैली, कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के साथ यात्रियों से व्यवहार से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण का उद्देश्य नवागत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दक्ष, अनुशासित और जनसेवा के प्रति संवेदनशील बनाना है, ताकि रेलवे परिसरों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से नवागत पुलिसकर्मियों को रेलवे से जुड़े सुरक्षा दायित्वों की व्यावहारिक समझ विकसित करने के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के लिए तैयार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *