पैंट्री में टिकट का धंधा! कुशीनगर एक्सप्रेस में छापा पड़ा तो खुली ‘बिना टिकट सफर’ की परतें 10 यात्री पकड़े गए, पैसे लेकर यात्रा कराने की बात सामने आई; 16 पेटी अनधिकृत पानी भी बरामद

   रिपोर्ट नवीन यादव 

झांसी। कुशीनगर एक्सप्रेस की पैंट्री कार में क्या सिर्फ यात्रियों के लिए खाना-पानी ही परोसा जा रहा था या सफर का ‘गुप्त इंतजाम’ भी चल रहा था? लगातार मिल रही शिकायतों के बाद झांसी मंडल के वाणिज्य विभाग की औचक जांच ने पैंट्री कार की व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए। गाड़ी संख्या 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस में झांसी से ललितपुर के बीच हुई जांच में 10 बिना टिकट यात्री पैंट्री कार में सफर करते मिले।

टिकट गायब, यात्री मौजूद!

जांच के दौरान कई यात्रियों ने पैंट्री कार मैनेजर विजय सिंह राजावत और अनिकेत राजावत पर पैसे लेकर यात्रा कराने की बात कही। रेलवे की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पैंट्री कार मैनेजर ने भी यात्रियों से पैसे लेने की बात स्वीकार की। सभी बिना टिकट यात्रियों को नियमानुसार चार्ज कर पैंट्री कार से उतार दिया गया।

सवाल यह है कि बिना टिकट यात्री पैंट्री कार तक पहुंचे कैसे और कई दिनों से मिल रही शिकायतों के बावजूद यह व्यवस्था चलती कैसे रही?

पानी की 16 पेटियां भी ‘अनधिकृत’

औचक जांच में सिर्फ बिना टिकट यात्रियों का मामला ही सामने नहीं आया। पैंट्री कार में अनधिकृत पानी की 16 पेटियां भी मिलीं, जिन्हें जब्त कर ललितपुर स्टेशन पर जमा कराया गया। यानी जांच टीम को पैंट्री कार में नियमों से हटकर चल रही एक से अधिक व्यवस्थाएं मिलीं।

स्टाफ कौन? अधिकृत सूची ही नदारद

सबसे बड़ा सवाल पैंट्री कार में तैनात कर्मचारियों को लेकर भी सामने आया। जांच के दौरान स्टाफ की कोई अधिकृत सूची नहीं मिली। ऐसे में ट्रेन में कौन अधिकृत है और कौन नहीं, इसकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

अब रिपोर्ट बताएगी, खेल कितना बड़ा था

कार्रवाई मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक अनिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई। टीम में मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक मनोहर लाल मीणा, सीटीआई स्टेशन अशोक त्रिपाठी, सीटीआई वीरेंद्र अहिरवार, सीसीआई सोहन राय, कैटरिंग इंस्पेक्टर आनंद सहित टिकट जांच स्टाफ शामिल रहा।

रेलवे के अनुसार, सामने आई अन्य शिकायतों और अनियमितताओं की रिपोर्ट संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए भेजी जा रही है। अब देखना यह होगा कि जांच रिपोर्ट में पैंट्री कार के इस कथित ‘बिना टिकट सफर’ के खेल की जिम्मेदारी किस पर तय होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *