सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संकल्प, डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने दिलाई ईमानदारी की शपथ.
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति पर जोर
निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक के जरिए किया जाएगा जागरूक
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने सोमवार को झांसी मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के शुभारंभ पर अधिकारियों व कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति ही विकास की नींव है और प्रत्येक रेलकर्मी को पारदर्शिता, ईमानदारी तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य लोगों में ईमानदारी के मूल्यों को बढ़ावा देना और भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
डीआरएम ने कहा कि इस सप्ताह के दौरान निबंध लेखन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कर्मचारियों एवं आम जनता को सतर्कता के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने कार्य में सर्वोच्च पारदर्शिता को बनाए रखें और किसी भी संदेहास्पद गतिविधियों की जानकारी सतर्कता विभाग को साझा करें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










