आठवें वेतन आयोग में देरी पर रेलवे कर्मचारी संघ की चेतावनी, 30% अंतरिम राहत की मांग पीएलबी बोनस की गणना 18 हजार रुपये की वेतन सीमा के आधार पर करने की मांग, दीपावली से पहले बकाया भुगतान की उठाई आवाज

 

 

 

रिपोर्ट: नवीन यादव

 

झांसी। आठवें वेतन आयोग को शीघ्र लागू करने और रेलवे कर्मचारियों को 30 प्रतिशत अंतरिम राहत देने की मांग को लेकर उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ ने मंगलवार को झांसी मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के बाहर द्वार सभा आयोजित की। भारतीय रेलवे मजदूर संघ के आह्वान पर 22 से 28 अक्टूबर तक चल रहे चेतावनी सप्ताह के तहत आयोजित सभा में कर्मचारियों ने केंद्र सरकार से वेतन आयोग लागू करने में देरी नहीं करने की मांग उठाई। इसके साथ ही उत्पादकता आधारित बोनस (पीएलबी) की गणना 18 हजार रुपये की वेतन सीमा के आधार पर कर शेष राशि का भुगतान दीपावली से पहले करने की मांग की गई।

 

मंडल अध्यक्ष सतीश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई सभा का संचालन कार्यकारी सदस्य अनिल कुमार शर्मा ने किया। सभा के बाद कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। अपर मंडल रेल प्रबंधक पीपी शर्मा ने ज्ञापन प्राप्त कर उसे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। कारखाना मंडल की ओर से भी मुख्य कारखाना प्रबंधक के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया, जिसे उप मुख्य कार्मिक अधिकारी, कारखाना ने प्राप्त किया।

 

सातवें वेतन आयोग की तरह नुकसान की आशंका जताई

 

संघ के जोनल अध्यक्ष हेमंत कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि सातवें वेतन आयोग के दौरान भत्तों के 18 महीने के बकाये का नुकसान कर्मचारियों को उठाना पड़ा था। उन्होंने आशंका जताई कि आठवें वेतन आयोग को लागू करने में देरी से भी कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान हो सकता है। इसी को देखते हुए संघ विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं और मंडलों में द्वार सभाओं के माध्यम से कर्मचारियों को जागरूक कर रहा है।

 

उन्होंने रेल कर्मचारी के परिवार में माता-पिता को भी शामिल करते हुए चार इकाइयों के आधार पर न्यूनतम वेतन 72 हजार रुपये निर्धारित करने की मांग उठाई। वहीं, मंडल सचिव भानु प्रताप सिंह चंदेल ने कहा कि वर्तमान में दिया जा रहा पीएलबी बोनस छठवें वेतन आयोग के आधार पर निर्धारित वेतन सीमा के अनुरूप है। संघ की मांग है कि बोनस की गणना 18 हजार रुपये की सीमा के आधार पर की जाए और अंतर की राशि का भुगतान दीपावली से पहले बकाये के रूप में किया जाए।

 

मान्यता प्राप्त संगठनों की भूमिका पर भी उठाए सवाल

 

भारतीय मजदूर संघ के विभाग प्रमुख सीके चतुर्वेदी ने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ मान्यता प्राप्त संगठन नहीं होने के बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मान्यता प्राप्त संगठन कर्मचारियों के मुद्दों पर अपेक्षित संघर्ष नहीं कर रहे हैं।

 

सभा के अंत में मंडल अध्यक्ष सतीश कुमार गुप्ता ने चेतावनी सप्ताह के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारियों की भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मंडल कार्यकारी अध्यक्ष मनीष बाजपेई, कारखाना मंडल अध्यक्ष संजीव वर्मा, कारखाना मंडल सचिव संतोष राठौर, सह संगठन मंत्री आरती तमौरी, मंडल कोषाध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव, सहायक मंडल मंत्री राम रूप मीणा एवं अंकित श्रीवास्तव सहित विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी, कर्मचारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *