तमंचे का रौब दिखाने निकला था युवक, मऊरानीपुर पुलिस ने पांच कारतूस समेत दबोचकर भेजा जेल! 12 बोर का अवैध तमंचा लेकर घूम रहा था 24 वर्षीय युवक, संदिग्धों की चेकिंग में पुलिस के हत्थे चढ़ा
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। तमंचा और पांच जिंदा कारतूस लेकर घूमना एक युवक को भारी पड़ गया। मऊरानीपुर पुलिस की चेकिंग में पकड़े गए युवक के पास से 12 बोर का अवैध तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर को थाना मऊरानीपुर की टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम कदौरा निवासी 24 वर्षीय सतीश पुत्र घनश्यामदास प्रजापति पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक 12 बोर का अवैध तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार और क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी के विरुद्ध थाना मऊरानीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 493/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया। एक नवंबर को पुलिस ने उसे बरामद तमंचे और कारतूस सहित न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार झांसी भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक साजेश कुमार सिंह, कांस्टेबल अमन भारती, कांस्टेबल अनुज कुमार यादव और कांस्टेबल रामचरन सिंह शामिल रहे।










