कोहरे में भी नहीं थमेगी ट्रेनों की रफ्तार, सिग्नल पहचानने में लोको पायलटों की मदद करेगी नई पुस्तक

 

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। सर्दियों में कोहरे के कारण कम दृश्यता के बीच ट्रेनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। सोमवार, 2 नवंबर को मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने लोको पायलट एवं सहायक लोको पायलटों के मार्गदर्शन के लिए ‘सिग्नल लोकेशन बुक’ का विमोचन किया।

कोहरे के दौरान रेलवे ट्रैक पर दृश्यता कम होने से सिग्नलों को समय रहते देखना और उनकी सही पहचान करना लोको पायलटों के लिए चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में यह पुस्तक काफी मददगार साबित होगी। इसमें प्रत्येक स्टेशन पर सिग्नलों की स्थिति, उनकी दूरी और पहचान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई गई हैं।

इस पुस्तक के माध्यम से लोको पायलटों को कोहरे के दौरान सिग्नलों की स्थिति समझने में आसानी होगी। साथ ही निर्धारित संरक्षा नियमों का पालन करते हुए ट्रेनों का सुरक्षित संचालन करने में भी मदद मिलेगी।

विमोचन के अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश कुमार शुक्ला, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अतुल यादव, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सीमा तिवारी, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन) धर्मेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

झांसी मंडल रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोहरे के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा और निर्बाध रेल परिचालन बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *