पुखरायां को मिली बड़ी रेल सौगात, गोरखपुर–यशवंतपुर एक्सप्रेस का ठहराव शुरू कैबिनेट मंत्री राकेश सचान और सांसद नारायणदास अहिरवार ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी, क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगी लंबी दूरी की यात्रा में राहत

 

पुखरायां। क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए 10 नवंबर का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। रेल प्रशासन ने साप्ताहिक गाड़ी संख्या 15023/15024 गोरखपुर–यशवंतपुर एक्सप्रेस का पुखरायां रेलवे स्टेशन पर ठहराव शुरू कर दिया है। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान और उरई-जालौन के सांसद नारायणदास अहिरवार ने हरी झंडी दिखाकर इस नई रेल सुविधा का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि पुखरायां में इस महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के व्यापार, रोजगार, शिक्षा, पर्यटन और औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।

सांसद नारायणदास अहिरवार ने कहा कि रेल सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस ठहराव से पुखरायां सहित आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। नगर पालिका अध्यक्ष पूनम दिवाकर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ला ने कहा कि रेल प्रशासन यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। पुखरायां में ट्रेन का ठहराव यात्रियों की लंबे समय से अपेक्षित मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

दोनों दिशाओं में ठहराव का समय निर्धारित

गाड़ी संख्या 15023 गोरखपुर–यशवंतपुर एक्सप्रेस पुखरायां स्टेशन पर शाम 6:58 बजे पहुंचेगी और 7:00 बजे रवाना होगी। इस दिशा में ठहराव 10 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गया है।

वहीं, गाड़ी संख्या 15024 यशवंतपुर–गोरखपुर एक्सप्रेस सुबह 9:47 बजे पुखरायां पहुंचेगी और 9:49 बजे रवाना होगी। इस दिशा में ठहराव 14 नवंबर 2026 से प्रभावी होगा।

इस सुविधा से यात्रियों को गोरखपुर, लखनऊ, भोपाल, मुंबई सहित अन्य प्रमुख शहरों तक रेल संपर्क का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नंदीश शुक्ला, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर (सामान्य) अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (मध्य) अंकुर गुप्ता सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *