रेलवे के 1.82 लाख से अधिक कर्मचारियों के राशन कार्डों की होगी जांच, NFSA सब्सिडी पर रेलवे बोर्ड सख्त सरकारी नौकरी करने वाले अपात्र कर्मचारियों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) का लाभ लेने से रोकने की तैयारी, सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों को जांच के निर्देश
नई दिल्ली। रेलवे बोर्ड ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत राशन कार्ड पर मिलने वाले लाभ और सब्सिडी को लेकर रेलवे कर्मचारियों के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड के मुताबिक, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग की ओर से किए गए लक्ष्यीकरण अभ्यास में देशभर के 1,82,283 सेवारत रेलवे कर्मचारियों का NFSA राशन कार्ड धारकों के साथ संभावित मिलान सामने आया है।
रेलवे बोर्ड ने 11 नवंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों के महाप्रबंधकों को इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
पत्र में बताया गया है कि अधिकांश राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों के NFSA बहिष्करण मानदंडों के अनुसार सरकारी कर्मचारियों, सार्वजनिक उपक्रमों, स्वायत्त निकायों और स्थानीय निकायों में कार्यरत कर्मचारियों को राशन संबंधी लाभ के लिए अपात्र माना गया है। यह अपात्रता उनकी रोजगार स्थिति अथवा रोजगार से प्राप्त आय के आधार पर आयकर दायित्व के कारण लागू हो सकती है।
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि कर्मचारियों को NFSA के तहत मिलने वाले लाभ और सब्सिडी की पात्रता के संबंध में जागरूक किया जाए। साथ ही नमूना जांच (सैंपल टेस्ट चेक) कर यह पता लगाया जाए कि संबंधित कर्मचारियों ने इस योजना के तहत राशन या अन्य सब्सिडी का लाभ लिया है अथवा नहीं।
यदि किसी कर्मचारी ने योजना का लाभ नहीं लिया है तो उससे इस संबंध में घोषणा पत्र भी लिया जा सकता है।
रेलवे बोर्ड के उप निदेशक स्थापना (सामान्य) एस.के. ने यह निर्देश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से जारी किए हैं। अब सभी रेलवे जोनों में इस संबंध में जागरूकता और जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










