झांसी में शादी के नाम पर ठगी का बड़ा खुलासा, AI फोटो दिखाकर युवकों को फंसाता था गिरोह
लोकेशन: झांसी
दिनांक : 23.04.2026
झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की पॉश सरयू विहार कॉलोनी में पुलिस ने देर रात छापेमारी कर शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार की गई लड़कियों की तस्वीरें दिखाकर युवकों को जाल में फंसाता था और उनसे मोटी रकम वसूलता था।
किराए के मकान में चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर
एएसपी अरीबा नोमान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकान को चारों तरफ से घेरकर छापा मारा। अंदर जाने पर कॉल सेंटर जैसा सेटअप मिला, जहां अलग-अलग केबिन में बैठकर युवतियां फोन पर लोगों से बातचीत कर रही थीं।
AI फोटो से रचते थे ठगी का जाल
जांच में सामने आया कि गिरोह युवकों को शादी का झांसा देता था। एल्बम में दिखाई जाने वाली कई तस्वीरें AI से तैयार की गई थीं। युवकों को पसंद आने के बाद उनसे फोन पर बातचीत कराई जाती और फिर पैसों की डील शुरू होती थी।
एक लाख तक की होती थी वसूली
सूत्रों के अनुसार, गिरोह 500 रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक की ठगी करता था। शादी पक्की कराने के नाम पर रकम लगातार बढ़ाई जाती थी। कुछ मामलों में बाहर राज्यों से लड़कियां लाकर सौदेबाजी तक की जाती थी।
सैकड़ों लोग बन चुके शिकार
पुलिस के मुताबिक, अब तक करीब 610 लोग इस गिरोह का शिकार हो चुके हैं और 40 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी की जा चुकी है
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, सरगना फरार
पुलिस ने फर्म की मालिक हिना कौसर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मौके से 17 युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया। गिरोह के सरगना सतीश प्रजापति और नीतू प्रजापति की तलाश जारी है।
भारी मात्रा में सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लैपटॉप, कंप्यूटर, मोबाइल फोन, फर्जी दस्तावेज और एल्बम सहित कई अहमसामान बरामद किए हैं।
पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का खुलासा होने की संभावना है।










