बिजनौर हाईवे पर दो ट्रकों की टक्कर से परिचालक की मौत, क्रेन से केबिन काटकर निकाला गया शव
बिजनौर-मुरादाबाद हाईवे पर धनौरी गांव के पास खड़े सरिये से भरे ट्रक में दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक परिचालक सुखराम सिंह की मौत हो गई, जबकि चालक सर्वेश कुमार घायल हो गए।
बिजनौर-मुदराबाद हाईवे पर स्थित गांव धनौरी के निकट रविवार को सुबह पांच सड़क किनारे खड़े सरिये से भरे ट्रक में एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में ट्रक के परिचालक केबिन में फंस गए। किसी तरह उन्हें बाहर निकाला गया। दोनों को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। परिचालक मी मौत हो गई जबकि चालक का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस हादसे की वजह नींद की झपकी मान रही है।
जिला बुलंदशहर के थाना तिरहल के मुहल्ला पचासा निवासी सर्वेश कुमार ट्रक चालक था। मुहल्ले का ही 45 वर्षीय सुखराम सिंह के उसके साथ परिचालक था। वे बरेली से आटे की बोरी लेकर मुजफ्फरनगर जा रहे थे। बिजनौर मुरादाबाद मार्ग पर गांव धनौरी के पास सड़क पर लोहे से भरा एक ट्रक खड़ा था।
सर्वेश कुमार का ट्रक परिचालक वाली साइड से सामने खड़े ट्रक में जा घुसा। सर्वेश के ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर हल्दौर थाना प्रभारी किशन अवतार मौके पर पहुंचे। क्रेन बुलाकर केबिन में फंसे परिचालक सुखराम सिंह को किसी तरह बाहर निकाला।
एंबुलेंस से दोनों को मेडिकल अस्पताल भिजवाया। वहां सुखराम सिंह ने दम तोड़ दिया जबकि सर्वेश कुमार का उपचार चल रहा है। सरिये से भरे ट्रक का चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। देर शाम मृतक के स्वजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए।
हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए मार्ग सुचारु कराया। थाना निरीक्षक किशन अवतार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।










