चंद्रनाथ रथ हत्याकांड: सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में CBI की छापेमारी, दिल्ली के स्वरूप नगर पहुंची जांच

सीबीआई ने भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच के सिलसिले में दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में छापेमारी की। यह कार्रवाई संदिग्धों के ठिकानों पर की गई, क्योंकि एजेंसी को सुपारी किलिंग का संदेह है।

पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता और नवनिर्वाचित सीएम Suvendu Adhikari के पीएम चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब दिल्ली तक पहुंच गई है।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार देर रात बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में छापेमारी कर दो संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी। यह कार्रवाई सुशांत विहार स्थित उत्तराखंड चौक के पास गली नंबर-19 में की गई, जहां स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही।

सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान मिले अहम इनपुट के आधार पर सीबीआई ने दिल्ली में यह कार्रवाई की। हालांकि एजेंसी की ओर से फिलहाल इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

बाइक सवार हमलावरों ने बरसाई थीं गोलियां

चंद्रनाथ रथ, सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक थे। छह मई की रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस हमले में रथ की मौत हो गई थी, जबकि उनका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

बंगाल पुलिस से CBI ने संभाली जांच

मामले की शुरुआती जांच पश्चिम बंगाल पुलिस कर रही थी, लेकिन बाद में राज्य सरकार की सिफारिश पर केस सीबीआई को सौंप दिया गया। एजेंसी ने डीआईजी स्तर के अधिकारी की अगुवाई में सात सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया  है।

यूपी-बिहार से गिरफ्तारियां, सुपारी किलिंग का शक

अब तक उत्तर प्रदेश और बिहार से कई संदिग्धों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह पूरी वारदात एक सुनियोजित सुपारी किलिंग का हिस्सा थी। फिलहाल सीबीआई आरोपितों के नेटवर्क, फंडिंग और लॉजिस्टिक सपोर्ट की कई राज्यों में जांच कर रही है।

सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में हुई ताजा छापेमारी भी इसी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए की गई है। एजेंसी अब संदिग्धों से जुड़े दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *