झांसी में यात्रियों से भरी लग्जरी बस बनी आग का गोला, चालक ने बचाई 30 यात्रियों की जान
झांसी के सीपरी बाजार में लखनऊ से रतलाम जा रही एक लग्जरी बस में भीषण आग लग गई। चालक की सूझबूझ से सभी 25-30 यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए, हालांकि उनका सामान जलकर खाक हो गया।
रविवार-सोमवार की रात सीपरी बाजार क्षेत्र में सवारियों से भरी एक लग्जरी बस में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि आग लगने की भनक लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाई। सभी मुसाफिर सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। वहीं डरकर कई यात्रियों ने कूदकर जान बचाई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मची रही।
यात्रियों से भरी बस बनी आग का गोला, धूू-धू कर जली
रविवार की रात लखनऊ से चलकर एक बस मध्य प्रदेश के रतलाम जा रही थी। बस में 25 से 30 लोग सवार थे सोमवार करीब सवा एक बजे बस झांसी पहुंची, जहां इलाइट चौराहे से दो और यात्रियों को बैठाने के बाद बस आगे रवाना हुई ड्राइवर कमलेश कुमार के मुताबिक बस जैसे ही फ्लाईओवर के पास पहुंची, तभी ब्रेकर पर हल्का झटका लगने के बाद अचानक बस की लाइट बंद हो गई। ड्राइवर को कुछ गड़बड़ी का अंदेशा हुआ तो उसने बस को सड़क किनारे रोक दिया।
इसी दौरान बस के इंजन वाले हिस्से से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने तेजी से पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। चालक और परिचालक ने तुरंत यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। आधी रात के समय अचानक लगी आग से यात्री घबरा गए और जान बचाने के लिए बस से बाहर भागे। कई यात्री अपना सामान भी बस में ही छोड़कर निकल आए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि बस का अधिकांश हिस्सा राख में बदल गया।










