बकरीद 2026: इस बार ईद की दावत में चार चांद लगा देंगी ये 5 लजीज डिशेज, मेहमान भी पूछेंगे रेसिपी
बकरीद के मौके पर आप कुछ खास डिशेज बना सकते हैं। ये डिशेज बेहद स्वादिष्ट होती हैं, जिन्हें आप आसानी से घर पर बना सकते हैं।
ईद-उल-अजहा, जिसे बकरीद भी कहा जाता है, ईस्लाम के सबसे अहम त्योहारों में से एक है। यह आस्था और कुर्बानी का त्योहार है। इस खास मौके पर नमाज अदा की जाती है और घर पर पारंपरिक और स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाते हैं।
भारत में बकरीद 28 मई को मनाई जाएगी। अगर आप भी ईद के इस खास मौके पर अपने परिवार और मेहमानों के लिए कुछ खास और जायकेदार बनाने की सोच रहे हैं, तो हम आपके लिए 5 ऐसी शानदार डिशेज की लिस्ट लाए हैं, जो आपकी ईद की दावत पर चार चांद लगा देंगे।
मटन मटका बिरयानी
ईद का त्योहार हो और घर में बिरयानी न बने, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। इस बार साधारण बिरयानी के बजाय मटन मटका बिरयानी ट्राई करें। मिट्टी की हांडी में धीमी आंच पर पकाई गई बिरयानी का स्वाद और खुशबू लाजवाब होती है। इसे बनाने के लिए बासमती चावल को खड़े मसालों के साथ आधा उबाल लें। दूसरी तरफ, मटन को दही, अदरक-लहसुन पेस्ट, और भुनी हुई प्याज के साथ मैरीनेट करके पका लें। अब मिट्टी की हांडी में मटन और चावल की परतें लगाएं, ऊपर से केसर का दूध, पुदीना और घी डालें। हांडी के मुंह को गूंथे हुए आटे से सील कर के 20 मिनट के लिए धीमी आंच पर दम दें। लजीज मटन मटका बिरयानी तैयार है।

मलाईदार मटन कोरमा
मलाईदार मटन कोरमा का स्वाद किसी शाही डिश से कम नहीं होता। इसकी गाढ़ी और मलाईदार ग्रेवी हर किसी का दिल जीत लेती है। इसे बनाने के लिए मटन को घी में खड़े मसालों के साथ भुना जाता है। इसके बाद इसमें तली हुई प्याज का पेस्ट, दही, धनिया पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च डाली जाती है। ग्रेवी को रिच टेक्सचर देने के लिए इसमें काजू और खसखस का पेस्ट मिलाया जाता है। लास्ट में थोड़ा-सा केवड़ा वॉटर डालने से इसकी खुशबू बिल्कुल बावर्ची स्टाइल जैसी आती है। इसे नान के साथ परोसें।
चटपटी कलेजी फ्राई
बकरीद के दिन सुबह के वक्त सबसे पहले बनने वाली डिशेज में कलेजी फ्राई सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली डिश है। यह झटपट तैयार हो जाती है और खाने में बेहद लाजवाब लगती है। कलेजी को अच्छी तरह धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें। एक कढ़ाई में तेल गर्म करके प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च भूनें। अब कलेजी डालकर तेज आंच पर पकाएं। इसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और गरम मसाला मिलाएं। नींबू का रस और हरे धनिए से गार्निश इसे गरमा-गरम पराठों के साथ सर्व करें।
कश्मीरी रोगन जोश
अगर आप इस ईद कुछ पारंपरिक और तीखा पसंद करने वाले मेहमानों को खुश करना चाहते हैं, तो कश्मीरी रोगन जोश बेहतरीन डिश है। इसका गहरा लाल रंग और मसालों का बैलेंस इसे बेहद खास बनाता है। इसमें कश्मीरी लाल मिर्च और सोंठ का इस्तेमाल होता है। मटन को धीमी आंच पर तब तक पकाया जाता है जब तक कि वह पूरी तरह मुलायम न हो जाए और मसालों का तेल ऊपर न तैरने लगे। इसे आप प्लेन राइस के साथ परोस सकते हैं।
शाही टुकड़ा
-1779868307270.jpg)
इतने सारे नमकीन और तीखे व्यंजनों के बाद मुंह मीठा करना तो बनता है। ईद के जश्न को पूरा करने के लिए शाही टुकड़ा से बेहतर मीठा कुछ नहीं हो सकता। ब्रेड के स्लाइस को तिकोना काटकर घी में सुनहरा और क्रिस्पी होने तक डीप फ्राई कर लें। फिर इन्हें इलायची वाली चाशनी में डुबोकर निकाल लें। दूसरी तरफ, दूध को गाढ़ा करके मलाईदार रबड़ी तैयार करें। ब्रेड के टुकड़ों को प्लेट में सजाएं, ऊपर से गाढ़ी रबड़ी डालें और पिस्ता व बादाम से सजाकर सर्व करें।










