स्वच्छ जलापूर्ति और सुरक्षित रेल परिचालन पर डीआरएम का फोकस, फिल्टर हाउस एवं झांसी लोको शेड का किया निरीक्षण जल गुणवत्ता, लोको फेलियर की रोकथाम और स्वच्छता व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा
रिपोर्ट : नवीन यादव
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने झांसी स्टेशन रेलवे कॉलोनी स्थित फिल्टर हाउस एवं झांसी लोको शेड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जलापूर्ति, स्वच्छता, अनुरक्षण कार्यों तथा रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने रेलवे कॉलोनी की जलापूर्ति व्यवस्था के प्रमुख केंद्र फिल्टर हाउस का अवलोकन किया। उन्होंने जल शुद्धिकरण प्रक्रिया, जल गुणवत्ता मानकों तथा वितरण प्रणाली की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को स्वच्छ, सुरक्षित और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल गुणवत्ता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद डीआरएम ने झांसी लोको शेड का निरीक्षण कर वहां संचालित विभिन्न कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्क्रैप निस्तारण, साफ-सफाई व्यवस्था तथा अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान लोको फेलियर (इंजन विफलता) से जुड़े मामलों पर विशेष चर्चा हुई। मंडल रेल प्रबंधक ने फेलियर के कारणों, उसके प्रभावों तथा रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों का मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को लोकोमोटिवों की विश्वसनीयता बढ़ाने और अनुरक्षण कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संभावित तकनीकी कमियों की समय रहते पहचान कर उनका निराकरण किया जाए, ताकि रेल परिचालन की सुरक्षा, समयबद्धता और दक्षता को और मजबूत बनाया जा सके। साथ ही कार्यस्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, अनुपयोगी सामग्री का समयबद्ध निस्तारण करने तथा विकास एवं अनुरक्षण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने पर भी विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी अधिकारियों को संसाधनों के बेहतर उपयोग, व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार, सुरक्षित रेल संचालन तथा उच्च गुणवत्ता मानकों के पालन के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।










