घटिया किस्म की खाद्य सामग्री की आपूर्ति का केंद्र बना डबरा रेलवे स्टेशन, पेंट्रीकार सप्लाई में नियमों के उल्लंघन के आरोप
रिपोर्ट : नवीन यादव
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल अंतर्गत आने वाला डबरा रेलवे स्टेशन इन दिनों ट्रेनों की पेंट्रीकार में घटिया किस्म की खाद्य सामग्री की आपूर्ति को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार डबरा स्टेशन से विभिन्न ट्रेनों की पेंट्रीकार में बड़े पैमाने पर खाद्य सामग्री की आपूर्ति की जा रही है। आरोप है कि यह कार्य संबंधित वाणिज्य विभाग की आवश्यक अनुमति के बिना संचालित किया जा रहा है।
जानकारों का कहना है कि रेलवे की खानपान व्यवस्था निर्धारित नियमों एवं अनुबंधों के अंतर्गत संचालित होती है तथा पेंट्रीकार में खाद्य सामग्री की आपूर्ति के लिए संबंधित विभाग की स्वीकृति आवश्यक होती है। स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि बिना अनुमति की जा रही आपूर्ति से रेलवे को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। साथ ही यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा जांच कराए जाने तथा वास्तविक स्थिति स्पष्ट किए जाने की मांग उठ रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।
हालांकि इस संबंध में रेलवे प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासनिक जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










