डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में झांसी मंडल में रेलवे के बुनियादी ढांचे का हुआ विस्तार, यात्रियों को मिली नई सुविधाएं

 

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में रेलवे के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल ने रेल संरक्षा, परिचालन क्षमता और यात्री सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए हैं।

रेल संरक्षा एवं परिचालन क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–मानिकपुर, ललितपुर–खजुराहो तथा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–कानपुर रेलखंडों में कुल 10 थिक वेब स्विच (टीडब्ल्यूएस) स्थापित किए गए हैं। इन कार्यों से रेल पथ की विश्वसनीयता बढ़ेगी तथा सुरक्षित रेल संचालन को और मजबूती मिलेगी।

इसी क्रम में बीना–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलखंड स्थित पुल संख्या 1267/1 की डाउन लाइन पर 26 स्टील चैनल स्लीपरों को बदलकर एच-बीम स्लीपर लगाए गए हैं। यह कार्य पुल की संरचनात्मक मजबूती बढ़ाने तथा दीर्घकालिक सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यात्रियों, विशेषकर दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आटा, बेलाताल, सनिचरा तथा कुलपहाड़ रेलवे स्टेशनों पर दिव्यांगजन सुविधाओं से संबंधित आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं। इससे दिव्यांग यात्रियों सहित सभी यात्रियों को अधिक सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

इसके अलावा यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन के लिए उदयपुरा, इचौली तथा खैरार रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर उच्च स्तरीय (हाई लेवल) प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। इससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में अधिक सुविधा मिलेगी तथा यात्रा अनुभव और बेहतर होगा।

झांसी मंडल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *