लखनऊ ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियों ने चलाया सघन तलाशी अभियान

रिपोर्ट: नवीन यादव

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर बम होने की सूचना मिलने से सोमवार को रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं और पूरे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। प्लेटफॉर्म संख्या-1 सहित स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, जिससे यात्रियों में कुछ समय के लिए चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन परिसर को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश एवं निकास द्वार, ट्रेनों के डिब्बों और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई। डॉग स्क्वॉड की सहायता से संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई, जबकि सुरक्षा कर्मियों ने स्टेशन के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली।

तलाशी अभियान के दौरान यात्रियों के सामान की भी जांच की गई और उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल रेलवे पुलिस या आरपीएफ को दें।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलने के बाद सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए एहतियातन सघन जांच अभियान चलाया गया। समाचार लिखे जाने तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई थी। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं तथा स्टेशन परिसर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *