प्रयागराज मंडल के इटावा में आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस को लाल गमछा दिखाकर रोकने की कोशिश, आरपीएफ ने व्यक्ति को पकड़ा
रिपोर्ट नवीन यादव
इटावा। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल अंतर्गत इटावा रेलवे स्टेशन के निकट आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस को लाल गमछा दिखाकर रोकने की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पकड़ लिया। घटना के दौरान ट्रेन चालक ने लाल गमछे को खतरे का संकेत मानते हुए तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाया, जिससे ट्रेन सुरक्षित रूप से रुक गई।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ एवं रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। पूछताछ और प्रारंभिक जांच में पता चला कि पकड़ा गया व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
इसके बाद आरपीएफ ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार के लाल झंडे, लाल कपड़े अथवा अन्य वस्तु से ट्रेन को अनधिकृत रूप से रोकने का प्रयास गंभीर अपराध है, क्योंकि इससे रेल संचालन बाधित होने के साथ यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
रेल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक और ट्रेनों के आसपास किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे रेल परिचालन में व्यवधान उत्पन्न हो या यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़े।










