गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर विजिलेंस का बड़ा एक्शन, हमसफर एक्सप्रेस का टीटीई निलंबित, 11,500 रुपये अधिक मिलने पर फरार

रिपोर्ट: नवीन यादव

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर सतर्कता विभाग (विजिलेंस) की छापेमारी के दौरान हमसफर एक्सप्रेस में ड्यूटी कर रहे एक टीटीई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान सरकारी एवं निजी नकदी की गिनती में निर्धारित राशि से 11,500 रुपये अधिक पाए जाने पर संबंधित टीटीई को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया।

बताया गया कि विजिलेंस टीम टिकट जांच और नकदी के सत्यापन की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान टीटीई के पास मौजूद नकदी का मिलान किया गया, जिसमें निर्धारित राशि से 11,500 रुपये अधिक मिलने पर टीम ने कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी टीटीई मौके से फरार हो गया और विजिलेंस अधिकारियों को चकमा देने में सफल रहा।

रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीर अनियमितता मानते हुए संबंधित टीटीई को तत्काल निलंबित कर दिया है। फरार कर्मचारी की तलाश की जा रही है तथा पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, जांच में यदि अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ी के आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ अन्य आवश्यक कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *