राम मंदिर चंदा मामले को लेकर आम आदमी पार्टी का विरोध प्रदर्शन, भिक्षाटन कर चंपत राय को भेजा ₹420 का चेक संजय सिंह के आह्वान पर झांसी सहित पूरे उत्तर प्रदेश में प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी, । आम आदमी पार्टी ने राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं से प्राप्त चंदे एवं ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर रविवार को झांसी सहित उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं ने झांसी के इलाइट चौराहे पर भिक्षाटन कर प्रतीकात्मक रूप से ₹420 का चेक तैयार किया और उसे चंपत राय को भेजने की घोषणा की।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में कटोरे और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया तथा “चंदा चोरों गद्दी छोड़ो”, “राम भक्तों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार बंद करो” जैसे नारे लगाए। पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष अरशद खान ने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे में अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा और आरएसएस को धन की आवश्यकता है तो वे जनता से मांगें, लेकिन मंदिर के धन में कथित हेराफेरी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में समयबद्ध जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजेश भदौरिया ने कहा कि राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने हाल ही में राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित भूमि खरीद मामलों में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि जमीन खरीद में वास्तविक कीमत से अधिक राशि का भुगतान कर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं की गईं। उन्होंने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रांतीय सचिव पुत्तू सिंह कुशवाहा ने कहा कि आरोपों के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
कार्यक्रम में किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी परवेज, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रिजवान खान, जिला सचिव अब्दुल रहमान, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष साजिद निसार, खेल प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सुनील कुमार, सतीश राय, महानगर उपाध्यक्ष इम्तियाज खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे हैं










