वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी नये आरपीएफ थाना प्रभारी योगेश राणा की सख्ती से अवैध वेंडर, टिकट दलाल, किन्नर और अवैध टैक्सी संचालकों में हड़कंप
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल स्थित वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर आगरा मंडल से स्थानांतरित होकर आए तेजतर्रार आरपीएफ थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा ने कार्यभार ग्रहण करते ही रेलवे परिसर और ट्रेनों में चल रही अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, नये♣ थाना प्रभारी की सक्रियता के चलते झांसी से भोपाल, दिल्ली, प्रयागराज और कानपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों में सक्रिय अवैध वेंडरों में हड़कंप मच गया है। कार्रवाई की आशंका के चलते कई अवैध वेंडर भूमिगत हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि रेलवे टिकटों की कालाबाजारी करने वाले कथित टिकट दलालों, रेलवे स्टेशन परिसर के आसपास अवैध रूप से टैक्सी संचालन करने वालों तथा रेलवे परिसर और ट्रेनों में कथित रूप से अवैध वसूली करने वाले कुछ किन्नरों में भी कार्रवाई की आशंका के चलते भय का माहौल है।
आरपीएफ द्वारा स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे की व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। यात्रियों का कहना है कि यदि इसी प्रकार नियमित कार्रवाई जारी रही तो रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा और यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण मिलेगा।
हालांकि, अवैध वेंडरों, टिकट दलालों, अवैध टैक्सी संचालकों अथवा कुछ किन्नरों के संबंध में किए गए दावे की आरपीएफ की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।










