रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की बड़ी पहल, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुंदरपुरा में बनेगा आधुनिक खाटू श्याम रेलवे स्टेशन
रिपोर्ट नवीन यादव
नई दिल्ली/सुंदरपुरा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खाटू श्याम बाबा के श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम यात्रा को ध्यान में रखते हुए सुंदरपुरा में आधुनिक खाटू श्याम रेलवे स्टेशन के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। प्रस्तावित स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर रेल सेवाएं और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सके।
प्रस्तावित रेलवे स्टेशन पर अत्याधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, पर्याप्त पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर यातायात संपर्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इस परियोजना के पूरा होने से खाटू श्याम धाम आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक होगी। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।










