बबीना विधायक राजीव सिंह ‘परीछा’ ने सभी विधायक प्रतिनिधियों को किया कार्यमुक्त संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी चुनावों को देखते हुए लिया निर्णय, जनसेवा के योगदान पर जताया आभार

रिपोर्ट : नवीन यादव

झांसी। बबीना विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव सिंह ‘परीछा’ ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं संगठनात्मक निर्णय लेते हुए पूर्व में नियुक्त सभी विधायक प्रतिनिधियों को तत्काल प्रभाव से उनके दायित्वों से कार्यमुक्त कर दिया है। इस संबंध में उन्होंने सोमवार को एक आधिकारिक प्रकाशन जारी कर जनसामान्य एवं मीडिया को अवगत कराया।

जारी विज्ञप्ति में विधायक ने बताया कि पूर्व में विभिन्न क्षेत्रों एवं विभागों में जनसमस्याओं के समाधान तथा जनसहयोग के उद्देश्य से कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को विधायक प्रतिनिधि के रूप में नामित किया गया था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी चुनावी कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। ऐसे में संगठनात्मक कार्यों में बढ़ी व्यस्तता के कारण विधायक प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त सभी कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों से मुक्त किया जा रहा है।

विधायक राजीव सिंह ‘परीछा’ ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय प्रशासनिक एवं संगठनात्मक दृष्टि से लिया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

अपने संदेश में विधायक ने सभी पूर्व विधायक प्रतिनिधियों के जनसेवा, क्षेत्रीय विकास, सहयोग, समर्पण एवं योगदान की सराहना करते हुए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया। साथ ही आशा जताई कि सभी कार्यकर्ता भविष्य में भी संगठन और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *