झांसी रेल मंडल में यात्री सुरक्षा को मिली नई मजबूती, 16 स्टेशनों पर लगाए गए 81 नए सीसीटीवी कैमरे डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में छोटे-बड़े सभी स्टेशनों पर सुदृढ़ की जा रही निगरानी व्यवस्था, यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित रेल यात्रा का भरोसा
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी, 22 जून। झांसी रेल मंडल में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन लगातार आधुनिक तकनीक का विस्तार कर रहा है। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रमुख स्टेशनों के साथ-साथ छोटे एवं महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है।
इसी क्रम में मई माह के दौरान झांसी रेल मंडल के 16 रेलवे स्टेशनों पर कुल 81 नए सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, प्रवेश एवं निकास द्वार सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की निगरानी और अधिक प्रभावी हो सकेगी।
रेल प्रशासन के अनुसार परौना, एट, उरई, आटा, लालपुर, भीमसेन सहित 16 स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों का विस्तार किया गया है। इससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित नजर रखी जा सकेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि झांसी रेल मंडल सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं संबंधित विभाग सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसरों की नियमित निगरानी कर यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जाएगा।










