रेलवे बोर्ड में सदस्य (परिचालन एवं व्यवसाय विकास) बने डॉ. मनोज सिंह
रिपोर्ट नवीन यादव
नई दिल्ली। भारतीय रेल के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. मनोज सिंह ने रेलवे बोर्ड में सदस्य (परिचालन एवं व्यवसाय विकास) का पदभार ग्रहण कर लिया है।
डॉ. मनोज सिंह वर्ष 1989 बैच के भारतीय रेल यातायात सेवा के अधिकारी हैं। वह परिवहन अर्थशास्त्र में पीएच.डी. हैं तथा राष्ट्रमंडल छात्रवृत्ति प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने अपने लंबे प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान रेलवे संचालन, वाणिज्यिक प्रबंधन, बहु-माध्यमीय परिवहन व्यवस्था, आधारभूत संरचना विकास, माल परिवहन तथा नीति निर्माण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इसके अलावा जबलपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के रूप में उनके कार्यकाल को कई नवाचारों और परिचालन सुधारों के लिए जाना जाता है।
उन्होंने भारतीय रेल, कंटेनर निगम, योजना आयोग तथा रेलवे बोर्ड सहित विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। नीति निर्माण, व्यवसाय विकास और परिचालन प्रबंधन में उनके व्यापक अनुभव को भारतीय रेल के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार डॉ. मनोज सिंह के नेतृत्व में परिचालन दक्षता, व्यवसाय विकास, माल परिवहन और यात्री सुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है। उनके अनुभव और दूरदर्शी नेतृत्व से भारतीय रेल के आधुनिकीकरण तथा व्यावसायिक विस्तार को भी मजबूती मिलने की संभावना है।










