मथुरा के छाता रेलखंड पर ताज एक्सप्रेस व मालगाड़ी पर पथराव, एक आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट : नवीन यादव
मथुरा। आगरा मंडल के मथुरा-छाता रेलखंड पर रविवार को ट्रेनों पर पथराव की दो घटनाओं से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। रविवार सुबह एक मालगाड़ी और रविवार देर रात तेज रफ्तार ताज एक्सप्रेस पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा पथराव किया गया। हालांकि, दोनों घटनाओं में कोई यात्री अथवा रेलकर्मी घायल नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। तलाशी अभियान के दौरान रेलवे लाइन के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने ट्रेनों पर पथराव करने की बात स्वीकार की। प्रारंभिक जांच में आरोपी के नशे की हालत में होने की जानकारी सामने आई है। उसके विरुद्ध रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने कहा है कि ट्रेनों पर पथराव जैसी घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संवेदनशील रेलखंडों पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।










