आरपीएफ मित्र सेवा समिति ने पोस्ट प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा का फूलों का गुलदस्ता भेंट कर किया सम्मान पहली बैठक में यात्री सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और जनजागरूकता अभियान को लेकर बनी संयुक्त रणनीति

रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट पर नवनियुक्त पोस्ट प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा की अध्यक्षता में आरपीएफ मित्र सेवा समिति, झांसी की पहली महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के प्रारंभ में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पोस्ट प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा का फूलों का गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया।
बैठक में रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, आरपीएफ एवं आरपीएफ मित्र सेवा समिति के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पोस्ट प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे सुरक्षा बल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने समिति के सदस्यों से अपील की कि वे यात्रियों की सहायता, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने तथा सुरक्षा संबंधी जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में होने वाली चोरी, नशाखुरानी, अवैध गतिविधियों तथा अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए संयुक्त रणनीति तैयार की गई। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि समय-समय पर यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा, अनजान व्यक्तियों से खाद्य पदार्थ ग्रहण न करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल आरपीएफ को देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरपीएफ को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सभी ने रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *