सर्वहित सेवा समिति ने कराया सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन, चार जोड़े परिणय सूत्र में बंधे सपा प्रदेश सचिव महेश कश्यप ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, समाजसेवा के कार्यों की सराहना

 

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। सर्वहित सेवा समिति के तत्वावधान में तहसील टेहरौली के ग्राम चंदवारी में सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चार जोड़ों का निःशुल्क विवाह संपन्न कराया गया। आयोजन में डॉ. कपिल यादव के सहयोग तथा समिति के जिलाध्यक्ष आमिर खान की अध्यक्षता में विवाह समारोह संपन्न हुआ।

समिति द्वारा सभी नवविवाहित कन्याओं को उपहार स्वरूप बेड, बर्तन, पानी की टंकी सहित आवश्यक घरेलू सामान तथा चांदी एवं सोने के आभूषण प्रदान किए गए। वर-वधू पक्ष के सभी सदस्यों के भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश सचिव महेश कश्यप ने कहा कि सामूहिक विवाह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना अत्यंत पुण्य का कार्य है और सर्वहित सेवा समिति इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर आरिफ खान, डॉ. कपिल यादव, आमिर खान, हरगोविंद तिवारी, महाराज वेद प्रकाश, मोहन तिवारी, बैकुंठ यादव, हरदयाल अहिरवार, पहलवान सिंह कुशवाहा, कुशल पाल, अशोक पाल, भगत पाल, अमर सिंह घोष, शेखर अहिरवार, हरिपाठ अहिरवार, प्रेजेंट अहिरवार, आनंद प्रकाश कुशवाहा, रविंद्र तिवारी एवं बंका पहाड़ी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन आरिफ खान ने किया, जबकि अंत में जिलाध्यक्ष आमिर खान ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *