झांसी मंडल में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत शपथ कार्यक्रम आयोजित रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प

 

रिपोर्ट : नवीन यादव

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत 17 से 26 जून तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) प्रेम प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशे के दुष्प्रभावों से समाज को मुक्त करने तथा स्वयं, परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। सभी ने नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।

इस अवसर पर प्रेम प्रकाश शर्मा ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं और देश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में मंडल कार्मिक अधिकारी जी.पी. मिश्रा, मंडल अभियंता (मुख्यालय) रविकांत नवीन, मंडल कार्मिक अधिकारी आदेश मिश्रा, जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह सहित मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *