महाप्रबंधक मिलिंद के. देवस्कर और प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिया नंदन सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति में शहीदों के नाम समर्पित आरपीएफ बैरकों का लोकार्पण रानीगंज और आसनसोल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुरुष एवं महिला बैरकों का उद्घाटन, आरपीएफ कर्मियों के कल्याण को मिलेगी नई मजबूती

 

रिपोर्ट नवीन यादव
कोलकाता, 25 जून। पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन (ईआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ) की अध्यक्ष श्रीमती सीमा देवस्कर ने गुरुवार को रानीगंज स्थित रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट में नवनिर्मित 20 शैय्याओं वाले शहीद स्वर्गीय जावेद खान पुरुष बैरक तथा आसनसोल में 30 शैय्याओं वाले शहीद स्वर्गीय अरुण कुमार सिंह महिला बैरक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद के. देवस्कर एवं प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिया नंदन सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक मिलिंद के. देवस्कर ने दोनों बैरकों का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन बैरकों से आरपीएफ कर्मियों एवं उनके परिवारों के जीवन स्तर में सुधार होगा तथा उनका मनोबल और कार्यक्षमता बढ़ेगी। उन्होंने आसनसोल मंडल की आरपीएफ टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि शहीद जवानों के नाम पर बैरकों का नामकरण उनके अद्वितीय साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को सच्ची श्रद्धांजलि है।
नवनिर्मित अत्याधुनिक बैरकों में विशाल डॉरमेट्री, स्वच्छ एवं आधुनिक शौचालय, मनोरंजन कक्ष, बेहतर वेंटिलेशन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे आरपीएफ कर्मियों को बेहतर आवासीय वातावरण मिल सकेगा।
लोकार्पण समारोह में प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिया नंदन सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक आसनसोल संग्रह मौर्य, श्रीमती रीता सिन्हा, श्रीमती सुमन मौर्य सहित पूर्व रेलवे के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
पूर्व रेलवे की यह पहल कर्मचारियों के कल्याण, आधारभूत संरचना के विकास तथा शहीद आरपीएफ जवानों के सर्वोच्च बलिदान के सम्मान के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *