मुहर्रम पर झांसी में कड़ी सुरक्षा, पुलिस-प्रशासन ने संभाली व्यवस्था की कमान ताजिया जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, अधिकारियों ने किया लगातार भ्रमण

 

रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। मुहर्रम पर्व के अवसर पर जनपद झांसी में शुक्रवार को मुस्लिम समाज द्वारा परंपरागत रूप से ताजिया जुलूस निकाले गए। विभिन्न क्षेत्रों से ताजिए निर्धारित मार्गों से होते हुए लक्ष्मी तालाब स्थित अस्थायी कर्बला पहुंचे, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी मुहर्रम से संबंधित धार्मिक कार्यक्रम एवं ताजिया जुलूस शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
जुलूस मार्गों, कर्बला स्थलों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए, जिससे पूरे आयोजन के दौरान शांति एवं सौहार्द बना रहा।
पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों द्वारा सहयोग और आपसी भाईचारे की सराहना करते हुए बताया कि वर्तमान में पूरे जनपद में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *