वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के नो पार्किंग जोन में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई विशेष अभियान चलाकर आठ ऑटो चालकों के चालान, स्टेशन परिसर में यातायात व्यवस्था सुधारने की पहल
रिपोर्ट : नवीन यादव
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा के निर्देशन में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया स्थित नो पार्किंग जोन में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पोस्ट प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हरिओम सिकरवार ने अभियान के दौरान अनधिकृत रूप से खड़े ऑटो-रिक्शाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले आठ ऑटो चालकों के चालान कर जुर्माना वसूल किया।
पोस्ट प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा ने बताया कि स्टेशन परिसर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, यात्रियों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा नो पार्किंग जोन में अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार स्थित सर्कुलेटिंग एरिया में लंबे समय तक ऑटो-रिक्शा खड़े रहने से यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस एवं अन्य आपातकालीन वाहनों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न होने की स्थिति बन जाती है। आरपीएफ की इस कार्रवाई से स्टेशन परिसर की यातायात व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।










