नवनियुक्त आरपीएफ आईजी विवेक सागर ने आमला आरपीएफ थाने का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए कड़े निर्देश

रिपोर्ट नवीन यादव

मुंबई। मध्य रेलवे मुंबई मंडल के नवनियुक्त आरपीएफ आईजी विवेक सागर ने आमला आरपीएफ थाने का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं कार्यालयीन कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न अभिलेखों, रजिस्टरों एवं स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आईजी विवेक सागर ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे सुरक्षा बल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जवानों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने ट्रेनों में रात्रिकालीन गश्त को और प्रभावी बनाने, अवैध वेंडरों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने तथा स्टेशन एवं ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।

महिला यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए आईजी ने महिला हेल्प डेस्क, महिला सुरक्षा व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान आरपीएफ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह दी गई, ताकि रेलवे यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *