मुस्तरा स्टेशन के पास बरौनी एक्सप्रेस पर शरारती तत्वों का पथराव, आरपीएफ ने शुरू की जांच एसी-1 कोच का शीशा टूटा, शनिवार दोपहर हुई घटना, अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी
रिपोर्ट : नवीन यादव
झांसी। शनिवार दोपहर ग्वालियर से बरौनी जा रही बरौनी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 11123) पर झांसी के निकट मुस्तरा स्टेशन के पास अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में ट्रेन के एसी-1 कोच (A-1) का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर बरौनी एक्सप्रेस जब मुस्तरा स्टेशन क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके। पथराव की चपेट में आने से एसी-1 कोच का शीशा टूट गया, जिससे यात्रियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति को तत्काल नियंत्रित किया और ट्रेन को सुरक्षित आगे के लिए रवाना किया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) सक्रिय हो गया और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। आरपीएफ ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है तथा आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की पहचान के लिए छानबीन शुरू कर दी है। रेलवे अधिकारियों द्वारा भी पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि झांसी–ग्वालियर रेलखंड पर समय-समय पर ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसी घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन या आरपीएफ को दें।
आरपीएफ अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि घटना में शामिल शरारती तत्वों की जल्द पहचान कर उनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










