राम मंदिर के सामने मीडिया कवरेज पर रोक, अब एसपी सुरक्षा की अनुमति होगी अनिवार्य बिना अनुमति कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों को हटाया गया, सुरक्षा व्यवस्था के तहत लागू हुई नई व्यवस्था
रिपोर्ट : नवीन यादव
अयोध्या। राम मंदिर परिसर के सामने मीडिया कवरेज को लेकर नई व्यवस्था लागू की गई है। सुरक्षा कारणों के चलते अब मंदिर के मुख्य प्रवेश क्षेत्र के सामने किसी भी प्रकार की मीडिया कवरेज करने से पहले एसपी सुरक्षा से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बिना अनुमति कवरेज के लिए पहुंचे मीडिया कर्मियों को सुरक्षा कर्मियों द्वारा निर्धारित क्षेत्र से हटाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था मंदिर परिसर की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों को कवरेज से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति प्राप्त करनी होगी। इसके बाद ही उन्हें तय स्थान से रिपोर्टिंग और वीडियो कवरेज की अनुमति दी जाएगी।
प्रशासन ने मीडिया से नई व्यवस्था का पालन करने और सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की है।










