प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ए. एन. सिन्हा ने शहीद इंस्पेक्टर ओम प्रकाश मीना को दी श्रद्धांजलि, परिवार को भेंट किया राष्ट्रीय पुलिस स्मारक नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित समारोह में वीर बलिदान को किया गया नमन, परिजनों को सम्मानित कर व्यक्त की संवेदना
रिपोर्ट नवीन यादव
नई दिल्ली। राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के दिवंगत इंस्पेक्टर ओम प्रकाश मीना की स्मृति में 28 जून 2026 को नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित शहीद स्मारक पर गरिमामय श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पूर्वी रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ए. एन. सिन्हा ने शहीद अधिकारी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण को नमन किया।
इस अवसर पर ए. एन. सिन्हा ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इंस्पेक्टर ओम प्रकाश मीना का सर्वोच्च बलिदान रेलवे सुरक्षा बल के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्तव्य पालन के दौरान दिया गया उनका बलिदान पूरे बल के लिए प्रेरणा का स्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।
समारोह के दौरान दिवंगत इंस्पेक्टर ओम प्रकाश मीना के सर्वोच्च बलिदान, राष्ट्र के प्रति समर्पित सेवा तथा विशिष्ट योगदान के सम्मान में उनके परिवार को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक भेंट किया गया। उनकी पत्नी श्रीमती ललिता मीना, ससुर राम सुख मीना एवं पुत्री दीक्षा मीना समारोह में उपस्थित रहीं और उन्हें सम्मानित किया गया। यह स्मारक राष्ट्र की ओर से शहीद के प्रति श्रद्धा, स्मरण एवं कृतज्ञता का प्रतीक है।
गौरतलब है कि दिवंगत इंस्पेक्टर ओम प्रकाश मीना ने 24 नवंबर 2025 को आरपीएफ/अज़ीमगंज द्वारा संचालित छापेमारी एवं जांच अभियान के दौरान अपने आधिकारिक कर्तव्यों का वीरतापूर्वक निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनका जीवन साहस, सत्यनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण माना जाता है।
श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद इंस्पेक्टर ओम प्रकाश मीना के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल ने अपने वीर शहीदों की गौरवशाली विरासत को सदैव संजोए रखने तथा उनके परिवारों के सम्मान और सहयोग के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।










