सदगुरु कबीर साहेब के आदर्श आज भी समाज को दे रहे नई दिशा : भूपेन्द्र आर्य
कबीर प्रकट्य दिवस पर बंगला घाट आश्रम में हुआ भव्य आयोजन, बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे उपस्थित
झांसी। महान संत, समाज सुधारक एवं आध्यात्मिक चेतना के अग्रदूत सदगुरु कबीर साहेब के प्रकट्य दिवस के अवसर पर बंगला घाट स्थित उनके आश्रम में श्रद्धा और भक्ति के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य संयोजन वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी भूपेन्द्र कुमार आर्य द्वारा किया गया, जिनकी पहल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत महंत रामशरण दास के सानिध्य में गुरु पूजन के साथ हुई। इस दौरान संत कबीर की अमृतवाणी और उनके जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनसमूह को उनके विचारों से अवगत कराया गया। बाद में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर भूपेन्द्र कुमार आर्य ने कहा कि संत कबीर साहेब ने अपने दोहों और उपदेशों के माध्यम से समाज को सत्य, नैतिकता, सदाचार और ईश्वर भक्ति का अमूल्य संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आज के समय में कबीर साहेब के विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हैं, क्योंकि उनका संदेश समाज में प्रेम, समानता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करता है।
भूपेन्द्र आर्य ने कहा कि कबीर साहेब ने गुरु के महत्व, मधुर वाणी के प्रभाव, अहंकार त्याग, समय के सदुपयोग, धैर्य, संतोष और आत्मचिंतन जैसे विषयों पर लोगों का मार्गदर्शन किया। उनके विचार केवल आध्यात्मिक ही नहीं बल्कि दैनिक जीवन को बेहतर बनाने की प्रेरणा भी देते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज को जोड़ने और सकारात्मक सोच विकसित करने में संत कबीर के विचारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भारतीय संत परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में अमित वर्मा, सूरज वर्मा, श्याम पुरी गोस्वामी, बृजेन्द्र पंथ, शिवशंकर, सुषमा भारती, मोनू, बिन्नी, विजय आर्य, अनीता एडवोकेट, ठाकुर लक्ष्मण सिंह सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
👉 वरिष्ठ भाजपा नेता भूपेन्द्र कुमार आर्य के मुख्य संयोजन में हुआ आयोजन
👉 संत कबीर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
👉 गुरु पूजन, सत्संग एवं प्रसाद वितरण के साथ मनाया गया प्रकट्य दिवस
👉 भूपेन्द्र आर्य – कबीर साहेब के उपदेश आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक











