NSG के आतंकवाद-रोधी अभ्यास में RPF ने हासिल किया तीसरा स्थान 49वें क्लस्टराइज्ड ज्वाइंट काउंटर टेररिज्म एक्सरसाइज में उत्कृष्ट प्रदर्शन, देशभर की नौ टीमों में बनाई जगह
रिपोर्ट नवीन यादव
नई दिल्ली। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) द्वारा आयोजित 49वें क्लस्टराइज्ड ज्वाइंट काउंटर टेररिज्म एक्सरसाइज में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि बल की पेशेवर दक्षता, उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई करने की क्षमता का प्रमाण मानी जा रही है।
15 जून से 27 जून 2026 तक आयोजित इस आतंकवाद-रोधी संयुक्त अभ्यास में देशभर की नौ विशिष्ट सुरक्षा टीमों ने भाग लिया। अभ्यास के दौरान प्रतिभागी टीमों की विभिन्न सामरिक अभियानों, बंधक बचाव, त्वरित प्रतिक्रिया, हथियार संचालन तथा समन्वित कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर परीक्षा ली गई।
रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। इस सफलता से RPF की परिचालन क्षमता और आतंकवाद-रोधी अभियानों में उसकी तैयारियों को नई पहचान मिली है। अधिकारियों ने इसे बल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए टीम के सभी सदस्यों को बधाई दी।










