टिकट जांच अभियान में 115 यात्रियों पर कार्रवाई, रेलवे को 96 हजार रुपये का राजस्व 84 बिना टिकट और 31 अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों से वसूला गया जुर्माना, नियमों के पालन की अपील

 

रिपोर्ट नवीन यादव

आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों ने विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में सघन जांच करते हुए कुल 115 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की और 96,260 रुपये का राजस्व वसूल किया।

रेल प्रशासन के अनुसार जांच में 84 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए, जिनसे 71,590 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं 31 यात्रियों पर अनियमित यात्रा करने के कारण कार्रवाई करते हुए 24,670 रुपये की वसूली की गई।

यह विशेष अभियान गगन गोयल मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशन एवं अंकित गुप्ता वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान टिकट जांच टीम ने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों का गहन सत्यापन किया तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि ऐसे अभियान का उद्देश्य केवल राजस्व की सुरक्षा करना ही नहीं, बल्कि यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा अधिकृत टिकट लेकर ही यात्रा करें, निर्धारित सीमा से अधिक सामान साथ न रखें तथा रेलवे परिसरों में स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें।

रेलवे ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के विरुद्ध आगे भी विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *