डीआरएम अनिरुद्ध कुमार एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा के निर्देशन में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई ट्रेनों पर पत्थरबाजी करने वाला शातिर गिरफ्तार, पांच मामलों का खुलासा
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। ट्रेनों पर लगातार हो रही पत्थरबाजी की घटनाओं के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में ट्रेनों पर पथराव से जुड़े पांच मामलों का खुलासा हुआ है।
आरपीएफ के अनुसार 27 जून 2026 को मुस्तरा–झांसी रेलखंड पर गाड़ी संख्या 11124 बरौनी–ग्वालियर मेल पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा पथराव किए जाने से एक कोच का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया था। घटना के बाद आरपीएफ पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई, झांसी में रेलवे अधिनियम की धारा 153, 141 एवं 145 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा के निर्देशन में आरपीएफ टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की। जांच के दौरान 29 जून 2026 को अर्जुन पाल (38), निवासी ग्राम कटिया, थाना छतरपुर, जिला छतरपुर (मध्य प्रदेश) को चिरगांव रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने इस घटना के अलावा चार अन्य ट्रेनों पर भी पत्थरबाजी कर कोचों के शीशे क्षतिग्रस्त किए थे। आरोपी की निशानदेही, उपलब्ध अभिलेखों एवं साक्ष्यों के मिलान के बाद पहले से दर्ज चार अन्य मामलों की भी पुष्टि हुई। इस प्रकार ट्रेनों पर पत्थरबाजी से जुड़े कुल पांच मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा हो गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह विभिन्न ट्रेनों में झाड़ू लगाकर यात्रियों से पैसे मांगता था। जब यात्री पैसे देने से इनकार कर देते या उसे ट्रेन से उतार देते, तो वह प्रतिशोध स्वरूप संबंधित ट्रेन पर पत्थरबाजी करता था। आरोपी ने यह भी बताया कि कुछ प्रीमियम ट्रेनों की पैंट्रीकार का स्टाफ कचरा उतारने के बदले उसे भोजन एवं कुछ धनराशि देता था। जब आरपीएफ जवान उसे इस गतिविधि से रोकते थे, तब वह आउटर क्षेत्र में जाकर ट्रेनों पर पथराव कर देता था।
आरपीएफ ने बताया कि ट्रेनों पर पत्थरबाजी यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है तथा इससे रेलवे संपत्ति को भी नुकसान पहुंचता है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।
यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान में उप निरीक्षक अंकित कुमार, कांस्टेबल रवि यादव एवं कांस्टेबल रविन्द्र कुमार त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आरपीएफ ने रेलवे लाइन के आसपास रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे ट्रेनों पर पत्थरबाजी जैसी घटनाओं को रोकने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल आरपीएफ को दें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि इस प्रकार की घटनाओं में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।










