रायपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म तक पहुंची इनोवा कार का वीडियो वायरल, चालक के खिलाफ होगी कार्रवाई
रिपोर्ट नवीन यादव
रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक इनोवा कार पार्सल कार्यालय की ओर से स्टेशन परिसर में प्रवेश कर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पार करते हुए रेलवे ट्रैक तक पहुंचती दिखाई दे रही है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मामले को गंभीरता से लिया है।
इस संबंध में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रमन कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया यह सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि कार चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध रेलवे अधिनियम एवं अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर अनधिकृत रूप से किसी भी वाहन का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। घटना की जांच के बाद यह भी पता लगाया जाएगा कि वाहन स्टेशन परिसर तक कैसे पहुंचा और इसमें किसी स्तर पर लापरवाही हुई है या नहीं।
आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।










