वाराणसी मंडल की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक का कार्यभार संभाला प्रशस्ति श्रीवास्तव ने
रिपोर्ट : नवीन यादव
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में प्रशस्ति श्रीवास्तव ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मंडल के अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर वाणिज्यिक गतिविधियों, यात्री सुविधाओं तथा राजस्व वृद्धि से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त की।
प्रशस्ति श्रीवास्तव का जन्म 5 दिसंबर 1992 को हुआ। उन्होंने यांत्रिक अभियांत्रिकी में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। भारतीय रेल यातायात सेवा के माध्यम से उनका चयन हुआ तथा 10 दिसंबर 2018 को उन्होंने भारतीय रेल सेवा में कार्यभार ग्रहण किया।
उन्होंने अपने सेवा जीवन की शुरुआत उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में सहायक वाणिज्य प्रबंधक के रूप में की। इसके बाद आगरा मंडल में मंडल वाणिज्य प्रबंधक तथा मंडल परिचालन प्रबंधक के पदों पर सफलतापूर्वक दायित्वों का निर्वहन किया। वाराणसी मंडल में नियुक्ति से पहले वह पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय, गोरखपुर में वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक (दावा) के पद पर कार्यरत थीं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं उपलब्ध कराना, यात्री सुविधाओं का निरंतर विस्तार, ग्राहक संतुष्टि, राजस्व में वृद्धि तथा पारदर्शी और उत्तरदायी कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी।
रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच प्रशस्ति श्रीवास्तव अपनी कार्यकुशलता, सरल व्यवहार और बेहतर समन्वय के लिए समान रूप से लोकप्रिय मानी जाती हैं। उनके कार्यभार ग्रहण करने से वाराणसी मंडल की वाणिज्यिक व्यवस्था को और अधिक गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।










