पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव के नेतृत्व में जन विश्वास अधिनियम-2026 के तहत गया स्टेशन पर विशेष अभियान, 12 मामलों में ₹6,000 का जुर्माना

रिपोर्ट : नवीन यादव

गया, 29 जून। पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया ने पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव के नेतृत्व में जन विश्वास अधिनियम-2026 के तहत गया रेलवे स्टेशन पर विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान वाणिज्य विभाग के सहयोग से रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए मौके पर ही कुल 12 मामलों में ₹6,000 का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में अवैध रूप से रेल परिसर में प्रवेश (ट्रेसपास) करने वाले 6 व्यक्तियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 147 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर ₹500 के हिसाब से कुल ₹3,000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं, स्टेशन परिसर के नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले 6 लोगों के विरुद्ध धारा 159 के अंतर्गत कार्रवाई कर प्रत्येक से ₹500 के हिसाब से कुल ₹3,000 का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव के निर्देशन में आरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों ने गया रेलवे स्टेशन परिसर तथा यात्रियों के बीच जन विश्वास अधिनियम-2026 के तहत रेलवे अधिनियम में किए गए संशोधनों की जानकारी भी दी। यात्रियों को बताया गया कि बिना टिकट यात्रा, धूम्रपान, भीख मांगना, अनधिकृत फेरी, महिला कोच में पुरुषों का प्रवेश तथा उपद्रव जैसी गतिविधियों पर अब अधिक जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही छोटे मामलों में रेलवे सुरक्षा बल को मौके पर ही जुर्माना करने के अधिक अधिकार प्राप्त हुए हैं।

आरपीएफ ने यात्रियों से रेलवे नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *